Yogi Adityanath:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के युवाओं को बड़ा सियासी और सकारात्मक संदेश देते हुए कहा है कि प्रदेश में सरकारी नौकरियां देने का सिलसिला आगे भी लगातार जारी रहेगा। लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान, सीएम योगी ने नवनियुक्त 4,543 पुलिस सब-इंसपेक्टरों (SI) को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट किया कि 9.50 लाख सरकारी भर्तियां पूरी करने के बाद जो 1 लाख अतिरिक्त नौकरियों का लक्ष्य रखा गया था, वह अब पूरा होने वाला है, लेकिन नियुक्तियों का यह कारवां यहीं रुकने वाला नहीं है।
पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त हुई भर्ती प्रक्रिया
Yogi Adityanath:नवनिर्वाचित दरोगाओं से सीधा संवाद करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर खुलकर बात की। उन्होंने अभ्यर्थियों से सवाल किया कि क्या नौकरी पाने के लिए उन्हें किसी सिफारिश की जरूरत पड़ी या किसी भी स्तर पर पैसों का लेन-देन हुआ? सीएम ने कहा कि आज के नए उत्तर प्रदेश में ये सारी चीजें पूरी तरह समाप्त हो चुकी हैं। वर्ष 2017 के बाद से राज्य में रिक्रूटमेंट सिस्टम की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है, जहां अब युवाओं को बिना किसी घूस, भेदभाव या सिफारिश के केवल उनकी योग्यता के दम पर सरकारी नौकरी मिल रही है।
पिछली सरकारों पर निशाना: 2003 से 2017 के बीच हुई धांधलियां
Yogi Adityanath:पिछली सरकारों के कार्यकाल की तीखी आलोचना करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2003 से 2017 के बीच की भर्ती प्रक्रियाएं बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और गड़बड़ियों का शिकार थीं। उन्होंने बताया कि उस दौर में कई ऐसे मामले सामने आए जहां परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति पत्र किसी अन्य व्यक्ति को थमा दिया जाता था। ऐसी दूषित व्यवस्था से जुड़े कई मामले आज भी अदालतों में लंबित हैं। मुख्यमंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि अदालतों से ऐसे मामलों में सख्त फैसले आते हैं, तो उन युवाओं का भविष्य संकट में पड़ जाएगा जिन्होंने बेईमानी से नौकरियां हासिल की थीं।
सभी क्षेत्रों के युवाओं को मिल रहे हैं समान अवसर
Yogi Adityanath:मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों का मतलब केवल एक खास परिवार और क्षेत्र तक सीमित होकर रह गया था, जिसे उन्होंने ‘सैफई सिंडिकेट’ का नाम दिया। उस दौरान प्रदेश के अन्य जिलों के योग्य युवाओं को निष्पक्ष अवसर से वंचित कर दिया जाता था। मगर मौजूदा सरकार में निष्पक्षता और क्षेत्रीय संतुलन का पूरा ध्यान रखा जा रहा है, जिससे यूपी के हर कोने के युवाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर मिल रहे हैं। इसके अलावा, त्योहारों के इस सीजन में योगी सरकार ने राज्य के कर्मचारियों को 30 दिन का बोनस देने का भी महत्वपूर्ण ऐलान किया है।
read this:-Delhi Ki Diwali Drone Show: आसमान में सजेगा भव्य ड्रोन शो, जीवंत होंगी भगवान श्रीराम की गाथाएं

