Ballia Temple Robbery Encounter:उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पुलिस और मंदिर में लूटपाट करने वाले बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई है। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों को पैर में गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि कुल पांच आरोपियों को दबोच लिया गया है। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया सामान और अवैध हथियार भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपी पड़ोसी राज्य बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
लखनेश्वरडीह शिव मंदिर में दी थी वारदात को अंजाम
Ballia Temple Robbery Encounter:बलिया जिले के रसड़ा स्थित लखनेश्वरडीह शिव मंदिर में कुछ दिन पहले बदमाशों ने पुजारी को बंधक बनाकर लूट की इस बड़ी घटना को अंजाम दिया था। रसड़ा पुलिस ने चेकिंग के दौरान इन बदमाशों को घेर लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में मुठभेड़ हुई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस और मंदिर से चोरी किए गए शिवलिंग का नाग, छतरी, राधा-कृष्ण के मुकुट समेत अन्य कीमती सामान बरामद किया है।
बिना नंबर की कार से भाग रहे थे आरोपी
Ballia Temple Robbery Encounter:अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने जानकारी दी कि थाना रसड़ा के आमघाट रोड पर पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक इनोवा कार आती हुई दिखाई दी। जब पुलिस ने गाड़ी रोकने का इशारा किया, तो उसमें सवार बदमाश जिशान और चंद्रशेखर कार छोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने जब उनका पीछा किया, तो बदमाशों ने सुरक्षाकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई।
30 अक्टूबर को मंदिर के पुजारी को बनाया था बंधक
Ballia Temple Robbery Encounter:पुलिस के अनुसार, इन शातिर बदमाशों ने 30 अक्टूबर की रात लखनेश्वरडीह शिव मंदिर के पुजारी को डरा-धमकाकर उनके हाथ-पैर रस्सियों से बांध दिए थे और मंदिर के आभूषण लूटकर फरार हो गए थे। इसके अलावा, पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि इन बदमाशों ने 11 अक्टूबर को गाजीपुर के पंचमंदिर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और यह भी पता लगा रही है कि बिहार में इन्होंने किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।

