Delhi Pitampura murder :राजधानी दिल्ली के पीतमपुरा इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर मामूली सी बात को लेकर हुए विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार की दुनिया उजाड़ दी। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान इंस्टाग्राम के एक कमेंट को लेकर हुए झगड़े में कुछ बदमाशों ने 9वीं कक्षा के एक छात्र की बेरहमी से चाकू गोदकर हत्या कर दी। इस खूनी संघर्ष में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।
क्या है पूरा मामला?
Delhi Pitampura murder : यह सनसनीखेज वारदात उत्तर-पश्चिम दिल्ली के पीतमपुरा स्थित एफपी ब्लॉक (FP Block) की है। रिपोर्ट के मुताबिक, इलाके में कल शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान, जश्न के माहौल के बीच 4 से 5 अज्ञात लड़के चेहरे पर मास्क पहनकर आए और उन्होंने 9वीं के छात्र पर अचानक ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट पर किए गए कमेंट को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। हमलावर पहले से ही रंजिश मान रहे थे और पूरी प्लानिंग के साथ आए थे। उन्होंने अपनी पहचान छुपाने के लिए मास्क पहन रखा था ताकि कोई उन्हें पहचान न सके।
चार नाबालिग आरोपी हिरासत में
Delhi Pitampura murder :घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खूनी खेल में और कौन-कौन लोग शामिल थे। इस दर्दनाक वारदात के बाद से पूरे पीतमपुरा इलाके में भारी तनाव, सनसनी और शोक का माहौल है। पुलिस मामले की हर एंगल से गहनता से जांच कर रही है।

