रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Gwalior : ग्वालियर में हुए शीतला माता मंदिर हादसे के बाद सियासत गरमा गई है। बुधवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ग्वालियर पहुंचे और हादसे का शिकार हुए परिवारों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश में लगातार हो रहे हादसों, जहरीली शराबकांड और दूषित पानी से हुई मौतों का जिक्र करते हुए सरकार को पूरी तरह कटघरे में खड़ा किया।
प्रशासनिक नाकामी और घायलों के इलाज पर उठाए सवाल
Gwalior जीतू पटवारी ने मंदिर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी भीड़भाड़ वाली जगह पर ट्रक का पहुंचना सीधे तौर पर प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने सवाल किया कि इतने बड़े हादसे के बावजूद कलेक्टर और एसपी पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई? इसके अलावा, उन्होंने अस्पताल की कुव्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि मरीज को एयरलिफ्ट करने का नाटक तो किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद 24 घंटे तक डॉक्टर का न मिलना सरकार की संवेदनशीलता की पोल खोलता है।
बेरोजगारी, महंगाई और सिंधिया पर तीखा हमला
Gwalior पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद जीतू पटवारी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में आम जनता महंगाई और भारी-भरकम बिजली बिलों से त्रस्त है, जबकि महलों का बिजली बिल चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने 2020 के राजनीतिक घटनाक्रम को याद दिलाते हुए दावा किया कि कांग्रेस वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में सिंधिया के दलबदल का पूरा हिसाब चुकता करेगी।
आरएसएस और संवैधानिक मुद्दों पर कांग्रेस का रुख
Gwalior पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने मोहन भागवत और संघ की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। पटवारी ने कहा कि देश में बेरोजगारी, नशाखोरी, बढ़ते कर्ज और संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता जैसे ज्वलंत मुद्दों पर आरएसएस प्रमुख चुप्पी साधे रहते हैं। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को अपनी आवाज उठाने का अधिकार देता है और कांग्रेस महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू व इंदिरा गांधी के लोकतांत्रिक आदर्शों पर चलते हुए जनहित की लड़ाई जारी रखेगी।
यै भी पढ़े: भोपाल में DRI की बड़ी कार्रवाई: ISBT बस स्टैंड पर 7.32 करोड़ की मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार

