रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Bhopal : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। भोपाल के मुख्य आईएसबीटी बस स्टैंड पर डीआरआई की टीम ने छापेमारी कर 7.32 करोड़ रुपये मूल्य की प्रतिबंधित मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद की है। कार्रवाई के दौरान दिल्ली से बस में सवार होकर पहुंचे एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग से ड्रग्स के 11 पैकेट जब्त किए गए हैं।
दिल्ली-नागपुर रूट की बस से उतरा था आरोपी
Bhopal खुफिया एजेंसी से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी दिल्ली से नागपुर रूट पर चलने वाली एक यात्री बस में सवार होकर भोपाल पहुंचा था। आईएसबीटी बस स्टैंड पर बस के रुकने और यात्रियों के उतरने के दौरान सतर्क डीआरआई अधिकारियों ने मुखबिर की सूचना पर एक पुरुष यात्री को रोककर उसकी संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर जांच की। जब उसके सामान की तलाशी ली गई, तो बड़ा खुलासा हुआ।
सलवार सूट की आड़ में छिपाई गई थी करोड़ों की ड्रग्स
Bhopal यात्री के पास मौजूद दोनों ट्रॉली बैग की जब गहराई से छानबीन की गई, तो उसमें से 11 पैकेट बरामद हुए। शातिर तस्कर ने कानून की नजरों से बचने के लिए इन पैकेटों को सलवार-सूट की पैकिंग के बीच बेहद शातिर तरीके से छिपा रखा था। जब अधिकारियों ने इन पैकेटों की जांच की, तो उसमें से कुल 9.139 किलोग्राम क्रिस्टलीय मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स निकली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस अवैध खेप की कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपये आंकी गई है।
आईएसबीटी पर दूसरी बड़ी जब्ती, नेटवर्क खंगालने में जुटी एजेंसी
Bhopal राजधानी के आईएसबीटी बस स्टैंड पर नशीले पदार्थों की तस्करी का यह दूसरा सबसे बड़ा मामला सामने आया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में भी हड़कंप मच गया है। बस परिवहन के जरिए ड्रग्स की इस तरह की तस्करी इस बात का संकेत है कि इसके पीछे एक बड़ा अंतरराज्यीय नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। फिलहाल डीआरआई गिरफ्तार किए गए आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे भोपाल या अन्य शहरों में किसे डिलीवर किया जाना था।
ये भी पढ़े: भोपाल के हबीबगंज थाने में हाई वोल्टेज ड्रामा: पुलिस और निगरानीशुदा बदमाश के बीच झूमाझटकी, वीडियो वायरल

