रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में ठगी और धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर के व्यस्त इलाके में स्थित शीतला माता मंदिर से पूजा-अर्चना कर अपने घर वापस लौट रही 68 वर्षीय बुजुर्ग महिला को तीन शातिर ठगों ने अपना निशाना बनाया। आरोपियों ने बातों के जाल में उलझाकर वृद्धा के कानों के सोने के टॉप्स और गले का हार उतरवा लिया और रुमाल में रखकर उन्हें थमा दिया। घर जाकर रुमाल खोलने पर जब महिला को गहने गायब मिले, तब उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़िता ने इस मामले की शिकायत पड़ाव थाना पुलिस से की है।
मंदिर का पता पूछने के बहाने बातों में उलझाया
Gwalior पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पड़ाव थाना क्षेत्र के फूलबाग चौराहे के पास स्थित दृष्टि अपार्टमेंट में रहने वाली 68 वर्षीय सत्यवती कुशवाहा 19 अक्टूबर की सुबह मंदिर में पूजा करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में अचानक तीन अज्ञात युवक उनके पास आए और उनसे शीतला माता मंदिर का रास्ता पूछने लगे। महिला जब उन्हें रास्ता समझाने लगी, तो आरोपियों ने बड़ी ही चालाकी से उन्हें अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में उलझा लिया और उन्हें फूलबाग चौराहे के पास स्थित कलाकृति के चबूतरे के पास ले गए।
रुमाल में गहने रखवाए और घर जाकर खोलने की बात कहकर हुए फरार
Gwalior ठगों ने कथित तौर पर महिला को इस कदर भ्रमित और सम्मोहित कर लिया कि वृद्धा ने अपने कानों से सोने के टॉप्स और गले का हार उतारकर एक रुमाल में रख दिए। इसके बाद शातिर युवकों ने वह रुमाल महिला को सौंपते हुए कहा कि इसे रास्ते में मत खोलना, बल्कि सीधे घर पहुंचकर ही खोलना। इसके बाद आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गए। महिला उनकी बातों में आकर आगे बढ़ गई, लेकिन जब उसने कुछ दूर जाकर रुमाल खोलकर देखा, तो उसमें से सोने के सारे आभूषण गायब मिले।
थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
Gwalior अपने साथ हुई ठगी का अहसास होते ही बुजुर्ग महिला तुरंत वापस उसी स्थान पर दौड़ीं, लेकिन तब तक ठग वहां से भाग चुके थे। पीड़िता ने बताया कि शातिर ठग गहनों के अलावा उनके पास मौजूद कुछ नकदी भी ले उड़े हैं। इसके बाद सहमी हुई वृद्धा घर पहुंची और अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों के साथ थाने पहुंचकर पीड़िता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

