रिपोर्टर: संजय राठौर
Sagar : मध्य प्रदेश के सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में एक कुएं के अंदर निर्वस्त्र अवस्था में मिली युवती की संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने आखिरकार सुलझा ली है। इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को उसके गृह जिले सीधी से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में जो सच सामने आया, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया और फिर अपनी शादी की बात खुलने के डर से उसे कुएं में धक्का देकर मार डाला।
30 सितंबर से लापता थी युवती, 10 अक्टूबर को कुएं में मिला शव
Sagar प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 30 सितंबर को युवती के पिता ने मोतीनगर थाने में अपनी बेटी के अचानक गायब होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 10-11 अक्टूबर के आसपास घर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक कुएं में युवती का निर्वस्त्र शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए फौरन एसआईटी का गठन किया और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच-पड़ताल तेज कर दी।
कंस्ट्रक्शन साइट पर हुई थी मुलाकात, शादी का दबाव बनाने पर रची साजिश
Sagar पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी और मृतका की मुलाकात करीब 15-20 दिन पहले एक कंस्ट्रक्शन साइट के पास हुई थी, जहां दोनों के बीच फोन नंबर का आदान-प्रदान हुआ और बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। आरोपी पहले से ही शादीशुदा था, लेकिन उसने यह बात युवती से छिपाई थी। जब सच्चाई सामने आई, तो युवती उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। घटना की रात आरोपी ने उसे मिलने के बहाने बुलाया और अपनी पहचान व शादी की बात घर में बताने के डर से उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद उसे कुएं में धकेल दिया।
सीधी जिले से दबोचा गया आरोपी, न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल
Sagar वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फौरन अपनी कंस्ट्रक्शन साइट के कैंप में गया और वहां से बिना बताए छुट्टी लेकर सीधे अपने गृह जिले सीधी फरार हो गया था। सीएसपी ललित कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आरोपी 19 वर्षीय अजय कुमार को सीधी से हिरासत में ले लिया। पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया और वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

