रिपोर्टर: सन्तोष राजावत
Rewa : मध्यप्रदेश के रीवा स्थित प्रसिद्ध गांधी स्मारक चिकित्सालय परिसर एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अस्पताल परिसर के भीतर वीडियो बनाने और कैमरे के इस्तेमाल पर लगे कड़े प्रतिबंधों के बावजूद पोस्ट नेटल वार्ड में तैनात एक महिला सुरक्षाकर्मी का रील बनाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटना के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था और नियमों के कड़ाई से पालन पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इंस्टाग्राम आईडी से अपलोड हुआ वार्ड का वीडियो
Rewa जानकारी के अनुसार, पोस्ट नेटल वार्ड में तैनात महिला सुरक्षाकर्मी द्वारा यह रील बनाई गई थी, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो 21 से 27 सितंबर के बीच शूट किया गया था और इसे ‘सेल्फी गर्ल 567’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया। संवेदनशील पोस्ट नेटल वार्ड, जहाँ नवजात शिशु और प्रसूता महिलाएँ भर्ती रहती हैं, वहाँ इस प्रकार का वीडियो सामने आने से मरीजों और परिजनों की निजता (प्राइवेसी) पर भी खतरा मंडराने लगा है।
ओटी वीडियो विवाद के बाद लागू किया गया था प्रतिबंध
Rewa गौरतलब है कि इससे पूर्व बहुचर्चित ‘कल्पना मिश्रा जच्चा-बच्चा कांड’ के दौरान ऑपरेशन थिएटर (OT) के भीतर का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने कड़ा रुख अपनाते हुए पूरे अस्पताल परिसर में कैमरे और वीडियो रिकॉर्डिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। इस प्रतिबंध के बावजूद प्रसूति वार्ड के भीतर बेखौफ होकर रील बनाना यह दर्शाता है कि सुरक्षाकर्मी खुद ही नियमों की धज्जियाँ उड़ा रहे हैं।
प्रबंधन ने की पहचान, होगी कड़ी कार्रवाई
Rewa मामले की गंभीरता को देखते हुए संजय गांधी अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अतुल सिंह ने पुष्टि की है कि वायरल वीडियो गांधी स्मारक चिकित्सालय का ही है। उन्होंने बताया कि रील बनाने वाली महिला सुरक्षाकर्मी की पहचान मालती सिंह के रूप में हुई है। पीआरओ ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन के इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

