रिपोर्टर: मयंक गुप्ता
Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में पुलिस की गंभीर लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक कैदी को इलाज के लिए ग्वालियर लाए छतरपुर पुलिस के तीन जवान अपनी ड्यूटी के दौरान गहरी नींद में सोते रहे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी हथकड़ी समेत फरार हो गया। पुलिसकर्मियों द्वारा नियमों को ताक पर रखकर कैदी को थाने की बजाय एक निजी फ्लैट पर ले जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।
ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टर न मिलने पर रिश्तेदार के फ्लैट पर पहुंचे थे पुलिसकर्मी
Gwalior छतरपुर जिले में पदस्थ आरक्षक विजय यादव, शुभम शर्मा और संदीप चोरी के आरोपी सन्नी पाल (निवासी उत्तराखंड) को मेडिकल जांच के लिए शनिवार तड़के करीब चार बजे ग्वालियर के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे थे। रात का समय होने के कारण वहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे और अस्पताल ने सुबह आने को कहा। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करते हुए पुलिसकर्मी कैदी को नजदीकी थाने में रखने के बजाय आरक्षक शुभम शर्मा के भाई के लोटस विला स्थित फ्लैट पर ले गए।
पहरा देने के बजाय सोते रहे जवान, सुबह हथकड़ी समेत गायब मिला कैदी
Gwalior फ्लैट पर पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपी सन्नी पाल को हथकड़ी लगाई और खुद आराम करने के लिए सो गए। लापरवाही की हद यह रही कि उन्होंने कैदी की निगरानी के लिए कोई सतर्कता नहीं बरती। जब शनिवार सुबह करीब सात बजे उनकी आंख खुली, तो आरोपी वहां से नदारद था। वह अपने हाथों में हथकड़ी पहने हुए ही फरार हो चुका था। आरोपी के इस तरह अचानक गायब होने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
विश्वविद्यालय थाने में मामला दर्ज, होटल में खाना खाते हुए वीडियो आया सामने
Gwalior घटना की जानकारी मिलने के बाद हड़बड़ाई पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और विश्वविद्यालय थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कैदी की तलाश तेज कर दी है। इस बीच, एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें आरोपी होटल में खाना खाते हुए नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और इस वीडियो के आधार पर उसकी तलाश कर रही है, साथ ही ड्यूटी में भारी लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

