रिपोर्टर: उपेन्द्र सिंह
UP Board Exam : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद् (UPMSP) ने आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। इस बार राज्य में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड परीक्षाएं तय समय से थोड़ी पहले आयोजित की जा रही हैं। जारी किए गए समय सारणी के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होंगी और 24 फरवरी तक चलेंगी। परीक्षार्थी अपना विस्तृत शेड्यूल आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर आसानी से देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इस साल परीक्षा के लिए रिकॉर्ड 51 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।
दो पालियों में आयोजित होंगी परीक्षाएं, पहली शिफ्ट सुबह 8:30 से
UP Board Exam बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, परीक्षाएं हर साल की तरह इस बार भी दो अलग-अलग पालियों (शिफ्ट) में संपन्न कराई जाएंगी। परीक्षा की पहली पाली सुबह 8:30 बजे से शुरू होकर 11:45 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा की शुरुआत 5 फरवरी को 10वीं कक्षा के हिंदी और प्रारंभिक हिंदी तथा 12वीं कक्षा के हिंदी और सामान्य हिंदी के पेपर के साथ होगी। इसके बाद 8, 9, 10, 12, 13, 15, 16, 17, 18, 19, 20, 22, 23 और 24 फरवरी को निर्धारित तिथियों पर विभिन्न विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
10वीं और 12वीं के मुख्य विषयों की तिथियां
UP Board Exam छात्रों की सुविधा के लिए प्रमुख विषयों की परीक्षा तिथियों का विवरण इस प्रकार है:
- कक्षा 10वीं: 5 फरवरी को हिंदी, 8 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, 10 फरवरी को अंग्रेजी, 13 फरवरी को गणित, 17 फरवरी को विज्ञान और 22 फरवरी को पेंटिंग विषय की परीक्षा होगी।
- कक्षा 12वीं: 5 फरवरी को हिंदी, 8 फरवरी को अंग्रेजी, 10 फरवरी को इतिहास, 12 फरवरी को जीव विज्ञान व गणित, 16 फरवरी को भूगोल और 17 फरवरी को भौतिक विज्ञान की परीक्षा संपन्न होगी।
51 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ले रहे हैं हिस्सा
UP Board Exam इस वर्ष उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए कुल 51.98 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया है। इनमें लगभग 27.74 लाख छात्र-छात्राएं कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) के हैं, जबकि लगभग 24.24 लाख छात्र-छात्राएं कक्षा 12वीं (इंटरमीडिएट) की परीक्षा में अपनी किस्मत आजमाएंगे। प्रशासन ने नकलविहीन और शांतिपूर्ण परीक्षाएं संपन्न कराने के लिए तैयारियां अभी से तेज कर दी हैं।

