Lucknow cafe owner death:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक हाई-प्रोफाइल और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरकर 28 वर्षीय कैफे संचालक शिव शर्मा की मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद से सनसनी फैल गई है। मृतक की मां ने शिव की मॉडल गर्लफ्रेंड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।
सीसीटीवी फुटेज में सामने आई खौफनाक घटना
Lucknow cafe owner death:अवध ग्रीन अपार्टमेंट के सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि इमारत की चौथी मंजिल से एक व्यक्ति अचानक नीचे गिरता है। इसके तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा होते हैं और घायल युवक को तुरंत अपनी गाड़ी से अस्पताल लेकर जाते हैं। हालांकि, इस वीडियो से यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि शिव शर्मा किन परिस्थितियों में नीचे गिरे थे, लेकिन इस फुटेज ने मामले को और उलझा दिया है।
लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे शिव और श्रद्धा
Lucknow cafe owner death:मृतक की मां रंजना शर्मा के अनुसार, उनका बेटा शिव शर्मा पिछले करीब चार महीने से मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे के संपर्क में था। दोनों के बीच नजदीकियां थीं और वे लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। मां का आरोप है कि श्रद्धा उनके बेटे को अपने साथ जबरन रखने के लिए लगातार ब्लैकमेल करती थी और मानसिक रूप से परेशान करती थी।
गर्लफ्रेंड समेत कई लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज
Lucknow cafe owner death:शोक में डूबी मां रंजना शर्मा ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके बेटे को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर सोची-समझी साजिश के तहत चौथी मंजिल से नीचे धक्का देकर उसकी हत्या कर दी गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, सहयोगी आदिल, एक ड्राइवर और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा (FIR) दर्ज कर लिया है।
पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं सभी आरोपी
Lucknow cafe owner death:घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और साथी आदिल पुलिस की पकड़ से बाहर और फरार चल रहे हैं। हजरतगंज थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा आगे की तकनीकी जांच के बाद मौत की असली वजह का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।

