Bihar MLC Election 2026:बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनावों को लेकर राज्य के सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है। आगामी चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बीच सीटों के तालमेल को लेकर खींचतान खुलकर सामने आ गई है। दोनों दलों के बीच उपजे मतभेदों के चलते महागठबंधन के भीतर आपसी समन्वय पर सवाल उठने लगे हैं।
कांग्रेस और राजद द्वारा घोषित उम्मीदवारों की सूची
Bihar MLC Election 2026:कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ग्रेजुएट्स और टीचर्स निर्वाचन क्षेत्रों के लिए पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगा दी है:
- दरभंगा टीचर्स सीट: डॉ. मदन मोहन झा
- कोसी ग्रेजुएट्स सीट: मनोज कुमार जायसवाल
- दरभंगा ग्रेजुएट्स सीट: रजनीकांत पाठक
- पटना टीचर्स सीट: डॉ. संजय यादव
- पटना ग्रेजुएट्स सीट: डॉ. असदुल्लाह खान
वहीं, दूसरी ओर राजद ने कुल आठ सीटों में से कई सीटों पर अपने प्रत्याशी पहले ही मैदान में उतार दिए हैं। राजद द्वारा घोषित उम्मीदवारों में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोशी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रोफेसर जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम शामिल हैं। हालांकि, पार्टी ने अभी दरभंगा शिक्षक और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने पत्ते नहीं खोले हैं।
सीटों के बंटवारे पर क्यों मची है खटपट?
Bihar MLC Election 2026:बिहार में विधान परिषद की कुल आठ सीटों पर चुनाव होना है। राजद द्वारा कांग्रेस को दरकिनार करते हुए एकतरफा तरीके से कई सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित करने के बाद बिहार कांग्रेस ने तीखी नाराजगी व्यक्त की थी। प्रदेश नेतृत्व का कहना था कि उम्मीदवारों के ऐलान से पहले उनसे किसी भी प्रकार की आधिकारिक मंत्रणा नहीं की गई।
इस सियासी तनातनी के बीच बिहार कांग्रेस इकाई की तरफ से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को एक विशेष प्रस्ताव भेजे जाने की खबरें भी सामने आई हैं। इस प्रस्ताव में सुझाव दिया गया है कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए कांग्रेस को बिहार में विधान परिषद का यह चुनाव अपने दम पर अकेले लड़ना चाहिए।
read this:-हनुमानगढ़ी: अयोध्या के राजा और रक्षक बजरंगबली का पावन धाम, जानिए मंदिर का इतिहास और धार्मिक महत्व

