रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : बिहार के शेखपुरा जिले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। BSNL कैंपस के भीतर चोरी की नीयत से घुसे एक शातिर चोर को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। डायल 112 टीम की त्वरित और सतर्क कार्रवाई के चलते इस चोरी का पर्दाफाश हो सका।
112 की मुस्तैदी से रंगे हाथों दबोचा गया आरोपी
Sheikhpura 4 सितंबर की रात वादी रविन्द्र कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि BSNL कैंपस के अंदर कुछ अज्ञात लोग टॉर्च की रोशनी में कॉपर केबल काट रहे हैं। खबर मिलते ही डायल 112 की गश्ती टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। पुलिस की अचानक घेराबंदी देखकर चोर भागने में नाकाम रहे और टीम ने एक आरोपी को चोरी करते हुए रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय रोहित कुमार (पिता- सुदामा बिन्द), निवासी नसरतपुर, थाना- धनरूआ (जिला- पटना) के रूप में हुई है।
टेम्पू, मोटरसाइकिल सहित चोरी के कई उपकरण बरामद
Sheikhpura छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आपराधिक कृत्यों में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन और केबल काटने के औजार बरामद किए। जप्त किए गए सामानों की सूची निम्नलिखित है:
- वाहन: एक पीले रंग का टेम्पू (BR01PS 9270) और एक होंडा मोटरसाइकिल (BR01FV 0684)
- औजार: 2 कुदाल, 2 गैंता, 2 हैक्सा ब्लेड, 1 खंती, 1 हथौड़ी, 1 पिलास, 3 रुखानी और 2 कटर चाकू
पुलिस टीम की कार्रवाई और आगे की कानूनी प्रक्रिया
Sheikhpura इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में शेखपुरा टाउन थाना के थानाध्यक्ष पु०नि० धर्मेन्द्र कुमार, पु०अ०नि० कुमारी शुभम सिन्हा और 112 टीम के स०अ०नि० रामकिशोर प्रसाद मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़े: XLRI में JMS प्रकाशन कार्यशाला: शोधार्थियों और संकाय के लिए मार्गदर्शन

