Spread the love

नई दिल्ली: दिल्ली और एनसीआर में शुक्रवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी और आसपास के इलाकों में दिनभर रुक-रुककर बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण दिल्ली के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

बारिश के चलते दिल्ली-NCR के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर मौसम संबंधी परिस्थितियों के कारण कम से कम 11 उड़ानों का रूट बदलना पड़ा।

उत्तर प्रदेश में भी बारिश का अनुमान

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शनिवार को भी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

26 जिलों में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित

लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के 26 जिलों में करीब 3.53 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं।

प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है। अब तक करीब 17,544 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि 4,847 लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।