कानपुर: शहर में बारिश के बाद जलभराव और गंदगी की समस्या से लोग परेशान हैं। इसी बीच बाबूपुरवा इलाके से विरोध प्रदर्शन की एक अनोखी तस्वीर सामने आई। वार्ड 105 के पार्षद मेराज ने अधिकारियों का ध्यान समस्या की ओर खींचने के लिए खुद गंदे पानी से भरे पार्क में लेटकर विरोध जताया।
बताया जा रहा है कि भीकम सिंह पार्क में लंबे समय से गंदा पानी जमा है। बारिश के बाद हालात और खराब हो गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पार्षद का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
गंदे पानी में लेटकर जताई नाराजगी
पार्षद मेराज ने कहा कि जब तक अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान का भरोसा नहीं देते, तब तक वह वहां से नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि स्थानीय लोग लंबे समय से जलभराव और गंदगी की समस्या झेल रहे हैं।
बोले- अब शिकायत नहीं, मौके पर विरोध
जोन-3 के वार्ड 105 के पार्षद मेराज ने कहा कि लगातार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसी वजह से उन्होंने इस बार अलग तरीके से विरोध दर्ज कराने का फैसला किया।
पार्षद का कहना है कि “अब सिर्फ शिकायत नहीं, बल्कि मौके पर ही विरोध होगा।” उन्होंने अधिकारियों से जल्द मौके पर पहुंचकर जलभराव और गंदे पानी की समस्या का समाधान कराने की मांग की।
