रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की तैयारियों के तहत गुरुवार को जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ परेड पूर्वाभ्यास का अंतिम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उपायुक्त (डीसी) सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक (एसपी) शंभू कुमार सिंह ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत परेड का बारीक निरीक्षण किया तथा समारोह की सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
Jamtara महापुरुषों को नमन और परेड की सलामी
पूर्वाभ्यास के दौरान डीसी और एसपी ने शहर के प्रमुख स्थलों पर स्थित महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण का अभ्यास करते हुए गांधी मैदान में प्रवेश किया। शहीद बेदी पर पुष्पचक्र अर्पित करने के उपरांत दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने सलामी मंच से संयुक्त परेड की सलामी ली। तत्पश्चात निरीक्षण वाहन में सवार होकर उन्होंने विभिन्न प्लाटूनों की अनुशासन और मार्च पास्ट व्यवस्था को देखा। गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप राष्ट्रगीत के बाद उपायुक्त ने ध्वजारोहण किया और तिरंगे को नमन किया।
Jamtara सुरक्षा, सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार ने मैदान की स्वच्छता, सजावट, पेयजल आपूर्ति, प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था, एंबुलेंस व अग्निशामक वाहनों की तैनाती, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, साउंड सिस्टम और वीआईपी प्रोटोकॉल को लेकर संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने आयोजन स्थल पर आवारा पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए विशेष कर्मियों को तैनात करने का आदेश दिया।
वहीं, एसपी शंभू कुमार सिंह ने सार्जेंट मेजर और प्लाटून कमांडरों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत और ध्वजारोहण की प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर चूक की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी करेंगे ध्वजारोहण
15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी जामताड़ा के गांधी मैदान में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रध्वज फहराएंगे। फुल ड्रेस रिहर्सल के अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े: नागपुर में बेकाबू कार खड़े ट्रक से टकराई: भयानक हादसे का CCTV फुटेज वायरल, 2 नाबालिग दोस्तों की मौत, 1 गंभीर

