BilaspurBilaspur
Spread the love

रिपोर्टर: योगेन्‍द्र सिंह

Bilaspur : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ जेल में बंद अपने साथियों की जमानत कराने के लिए चार युवकों ने हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) पर तांत्रिक क्रिया (काला जादू) करने का प्रयास किया। आधी रात को श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र कर रहे इन युवकों को ग्रामीणों ने देख लिया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

Bilaspur आधी रात को श्मशान घाट में चल रही थी तांत्रिक क्रिया

मामला सीपत थाना क्षेत्र के देवरी गांव का है। शुक्रवार आधी रात को गाँव के श्मशान घाट में संदिग्ध गतिविधियां देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। जब ग्रामीण एकजुट होकर मौके पर पहुँचे, तो चारों युवक भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा करके एक युवक को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया।

Bilaspur चीफ जस्टिस की तस्वीर, मछली और पूजा सामग्री जब्त

बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस को घटनास्थल से पूजा की सामग्री, नींबू, सिंदूर, मछली और हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस सहित दो अन्य लोगों की तस्वीरें बरामद हुई हैं।

चाकूबाजी केस में बंद साथियों की रिहाई के लिए रचा था प्रपंच

पूछताछ में आरोपी ऋषिकेश ने खुलासा किया कि उसका रिश्तेदार प्रियांशु बोले और कुछ अन्य साथी चाकूबाजी के एक मामले में जेल में बंद हैं। उनकी जमानत अर्जी हाई कोर्ट में लंबित है। आरोपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक कथित तांत्रिक ने दावा किया था कि अगर श्मशान घाट में जज की फोटो रखकर तांत्रिक पूजा की जाए, तो कोर्ट से जमानत मिल जाएगी। इसी अंधविश्वास के चक्कर में वे इस वारदात को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार तीन अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़े: मुजफ्फरपुर में ATM फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश: मास्टरमाइंड सन्नी बाबा गिरफ्तार, 69 एटीएम कार्ड बरामद