MumbaiMumbai
Spread the love

रिपोर्टर: राजेन्‍द्र कुमार

Mumbai : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘कोस्टल रोड’ की सुरंग (Tunnel) में आज एक बेहद डरावना हादसा सामने आया। यहाँ टनल के भीतर दौड़ती हुई एक कार अचानक धधक उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी सुरंग में धुएं का काला गुबार छा गया। इस आपातकालीन स्थिति को देखते हुए टनल के भीतर यातायात को तुरंत रोक दिया गया, जिससे कोस्टल रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

Mumbai हाजी अली से वर्ली जाने वाले रूट पर मची अफरातफरी

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा आज (बुधवार) दोपहर करीब 12:25 बजे हुआ। कोस्टल रोड की नॉर्थबाउंड लेन पर, जो हाजी अली से वर्ली की तरफ जाती है, एक चलती कार में अचानक आग भड़क गई। टनल के भीतर धुआं भर जाने के कारण पीछे से आ रहे वाहन चालकों में घबराहट फैल गई। हॉर्न की गूंज और अफरातफरी के बीच लोगों ने एहतियातन अपने वाहन वहीं रोक दिए। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सुरंग के भीतर का खौफनाक नजारा साफ देखा जा सकता है।

Mumbai बाल-बाल बचे कार सवार, मौके पर पहुंचीं राहत टीमें

राहत की बात यह रही कि जैसे ही कार से धुआं निकलना शुरू हुआ, चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी रोक दी और समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार सवार आग की चपेट में आने से पूरी तरह बच गए हैं। हालांकि, हादसे के वक्त गाड़ी में कुल कितने लोग मौजूद थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी की जा रही है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी: घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने कड़े मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया और टनल से धुआं बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।

Mumbai शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटा फायर ब्रिगेड

मुंबई फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का कहना है कि टनल के अंदर कार में आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि कार के इंजन या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह हादसा हुआ होगा, लेकिन वास्तविक वजह पूरी तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

गौरतलब है कि मुंबई में अंडरग्राउंड रूट्स पर आग लगने की यह हालिया दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले मुंबई एयरपोर्ट के पास स्थित एक अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में भी आग लगने का मामला सामने आ चुका है।

ये भी पढ़े: Supaul: हरिद्वार में सुपौल के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घर पर खबर आते ही परिजनों में मची चीख-पुकार