MungerMunger
Spread the love

रिपोर्टर: अतहर खान

Munger : बिहार के मुंगेर जिले में बरियारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-333 (NH-333) पर मंगलवार (16 जून, 2026) को एक अनोखा और अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। कोलकाता से नेपाल की ओर जा रहे एक बड़े कंटेनर से अचानक खाद्य तेल (कुकिंग ऑयल) का भारी रिसाव होने लगा। सड़क पर बहते हुए तेल को देखकर आसपास के गांवों में खबर फैल गई, जिसके बाद मौके पर तेल बटोरने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

पप्पू कुमार चालक

Munger कोई लाया बाल्टी तो कोई डिब्बा, तेल समेटने की मची होड़

यह घटना बरियारपुर के पड़िया गांव के समीप की है। जैसे ही ग्रामीणों को सड़क पर कीमती खाद्य तेल के बहने की भनक लगी, लोग अपने घरों से जो हाथ लगा वही बर्तन उठाकर दौड़ पड़े। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कोई बड़ी बाल्टी में तेल भरता नजर आया, तो कोई प्लास्टिक की बोतलें और डिब्बे लेकर रिसाव वाली जगह से तेल इकट्ठा करने की होड़ में जुट गया।

Munger रूट बदलने के बाद जाम में फंसा था कंटेनर

कंटेनर के चालक ने घटना के कारणों की जानकारी देते हुए बताया कि वह इस खेप को लेकर कोलकाता से नेपाल की तरफ जा रहा था। पूर्व निर्धारित मार्ग के अनुसार उसे भागलपुर के विक्रमशिला पुल से होकर गुजरना था, परंतु उस पुल की जर्जर और खराब स्थिति को देखते हुए उसने मुंगेर के श्रीकृष्ण सेतु वाले रास्ते से जाने का फैसला किया। इसी दौरान मार्ग में भीषण जाम में फंसने के कारण कंटेनर में तकनीकी खराबी आई और अचानक तेल का रिसाव शुरू हो गया।

Munger टला बड़ा हादसा, रिसाव को ठीक करने में जुटा चालक

तेल बहने और अचानक सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटने से हाईवे पर कुछ देर के लिए स्थिति असहज हो गई थी। हालांकि, राहत और गनीमत की बात यह रही कि ज्वलनशील पदार्थ न होने के कारण सड़क पर कोई अप्रिय घटना या बड़ा हादसा नहीं हुआ। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन ने भी स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल, कंटेनर का चालक स्थानीय मिस्त्रियों की मदद से गाड़ी में हुए रिसाव (लीकेज) को ठीक कराने के प्रयास में जुटा है।

ये भी पढ़े: Nagpur में सनसनीखेज वारदात: वायुसेना कर्मी की पत्नी से दरिंदगी, ब्लैकमेलिंग और जबरन निकाह का आरोप; दो गिरफ्तार, मौलवी फरार