रिपोर्टर: नेहा गुप्ता
Chhapra Bridge : बिहार के सारण जिले से एक बड़े सड़क हादसे की खबर सामने आई है। डोरीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत छपरा पुल पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। इस दर्दनाक हादसे में गाड़ी में सवार हसनपुरा पंचायत के पूर्व मुखिया, उनके बेटे और उनके साढू गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।

Chhapra Bridge नेपाल में पशुपतिनाथ दर्शन के लिए निकला था परिवार
जानकारी के मुताबिक, भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी और हसनपुरा पंचायत के पूर्व मुखिया उपेंद्र सिंह (55 वर्ष, पिता स्व. हरी शंकर सिंह) अपने पूरे परिवार के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से नेपाल जा रहे थे। पूरा परिवार बाबा पशुपतिनाथ के दर्शन करने की इच्छा लेकर घर से निकला था। लेकिन जैसे ही उनकी गाड़ी डोरीगंज इलाके में छपरा पुल पर पहुंची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी खुशियों को ग्रहण लगा दिया।
Chhapra Bridge हॉर्न बजाने के बाद भी ट्रक ड्राइवर ने मारी सीधी टक्कर
अस्पताल में इलाज के दौरान पूर्व मुखिया उपेंद्र सिंह ने हादसे की आपबीती बताते हुए कहा कि पुल पर विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) से एक ट्रक बेहद तेज रफ्तार में आ रहा था। ट्रक को सामने से आता देख स्कॉर्पियो के ड्राइवर ने लगातार हॉर्न बजाया और उसे गाड़ी रोकने का इशारा भी किया। लेकिन ट्रक चालक ने लापरवाही बरतते हुए सीधे स्कॉर्पियो में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
Chhapra Bridge आरा सदर अस्पताल में चल रहा है घायलों का इलाज
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के सहयोग से सभी घायलों को तुरंत गाड़ी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। घायलों में पूर्व मुखिया उपेंद्र सिंह के अलावा उनका 28 वर्षीय पुत्र करण कुमार और बिहिया थाना क्षेत्र के मखदुमपुर गांव निवासी उनके साढू शंभू सिंह (42 वर्ष, पिता शंकर सिंह) शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
ये भी पढ़े: Raipur में पुलिस का महा-चेकिंग अभियान: BSUP कॉलोनी के 300 घरों की तलाशी, 100 से अधिक जवान उतरे सड़क पर

