BhojpurBhojpur
Spread the love

रिपोर्टर: नेहा गुप्‍ता

Bhojpur : बिहार के भोजपुर जिले में मुख्यमंत्री की घोषणा “सबका सम्मान, जीवन आसान” के संकल्प को जमीन पर उतारने के लिए मंगलवार, 19 मई 2026 से एक बड़ी पहल शुरू की गई है। जिले के विभिन्न प्रखंडों की 42 पंचायतों में ‘सहयोग शिविर’ का शुभारंभ किया गया। इस महाभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता की रोजमर्रा की समस्याओं का उनके दरवाजे पर जाकर त्वरित और पारदर्शी तरीके से समाधान करना है। अब लोगों को अपनी शिकायतों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

Bhojpur राजपुर पंचायत में प्रभारी मंत्री का भव्य स्वागत, मिला गार्ड ऑफ ऑनर

इस अभियान के तहत कोईलवर प्रखंड की राजपुर पंचायत में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शिविर में बिहार के श्रम संसाधन एवं युवा कल्याण मंत्री सह भोजपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर भोजपुर पुलिस ने उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी (DM) तनय सुल्तानिया और पुलिस अधीक्षक (SP) सहित जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

Bhojpur एक ही छत के नीचे 30 दिनों में होगा हर समस्या का निपटारा

सहयोग शिविरों में विभिन्न सरकारी विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए हैं। यहां राशन, पेंशन, पीएम आवास, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, आय/जाति/निवास प्रमाण पत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और सड़क जैसी तमाम समस्याओं के लिए सीधे आवेदन लिए जा रहे हैं। जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने सख्त निर्देश दिए हैं कि शिविर में प्राप्त होने वाली हर शिकायत का निपटारा परिवाद दर्ज होने के 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। सुचारू संचालन के लिए शिविर की तिथि से एक महीने पहले से ही पंचायत भवनों में आवेदन लेने की व्यवस्था की गई है।

Bhojpur 1100 हेल्पलाइन और ‘सहयोग पोर्टल’ से मिलेगी डिजिटल सुविधा

जिला प्रशासन ने जनता की सहूलियत के लिए तकनीकी मदद भी उपलब्ध कराई है। अगर कोई व्यक्ति शिविर में नहीं पहुंच पाता है, तो वह सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 पर कॉल करके जानकारी या सहायता ले सकता है। इसके अलावा, बिहार सरकार के “सहयोग पोर्टल” (sahyog.bihar.gov.in) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने और उसका स्टेटस चेक करने की सुविधा भी दी गई है। प्रशासन की इस “आपकी सरकार, आपके द्वार” पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सीधा और त्वरित न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।

ये भी पढ़े: Editorial: ध्यान भटकाने की राजनीति और आर्थिक जाल: कैसे ‘राष्ट्रवाद’ के शोर में दब गए जनता के बुनियादी सरोकार?