by-Ravindra Sikarwar
मध्यप्रदेश: विदिशा जिले के दीपना खेड़ा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दुष्कर्म के आरोप में हिरासत में बंद एक आरोपी ने थाने के लॉकअप में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान देशराज अहिरवार (45), निवासी मोहनपुर गांव के रूप में हुई है।
लोवर से लगाई फांसी:
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने अपने ही पहने हुए लोवर से फांसी लगाई। घटना की जानकारी लगते ही थाने और जिले में हड़कंप मच गया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
एसपी मौके पर पहुंचे:
मामले की जानकारी मिलते ही जिले के एसपी रोहित केशवानी तुरंत थाने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश:
एसपी ने कहा कि
- थाने के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
- पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच कराई जाएगी।
- यदि लापरवाही या दोष किसी भी अधिकारी-कर्मचारी की पाई जाती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बड़ा सवाल:
इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के साथ लॉकअप में अन्य दो कैदी भी मौजूद थे, लेकिन उनके सामने ही आरोपी ने फांसी कैसे लगा ली – यह जांच का विषय है।
यह घटना न केवल थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है बल्कि पुलिस हिरासत में कैदियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर बहस भी खड़ी करती है।
