By: Yogendra Singh
Shivpuri : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के इंदार गांव में बीती रात चोरों ने दो घरों में एक साथ सेंध लगाकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश करीब एक किलो सोना, ढाई किलो चांदी और लगभग 20 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही इंदार थाना पुलिस मौके पर पहुंची, निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, चोरी का कुल अनुमानित नुकसान करीब डेढ़ करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है।
छत के रास्ते घर में दाखिल हुए बदमाश
Shivpuri सबसे बड़ी वारदात चंद्रप्रकाश रघुवंशी के घर में हुई। परिवार के सदस्य आशीष रघुवंशी ने पुलिस को बताया कि रात करीब 12 बजे सभी लोग सो गए थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में घुसे और एक कमरे का ताला तोड़ दिया। अंदर रखे तीन बक्सों को तोड़कर उनमें रखा कीमती सामान निकाल लिया गया।
चोरी गए सामान में 17 सोने की अंगूठियां, 3 हार, 4 चेन, पुरानी सोने की मोहरें और लगभग दो किलो चांदी के आभूषण शामिल हैं। परिवार के मुताबिक, करीब 50–60 तोला नया सोना और लगभग उतना ही पुश्तैनी सोना एक साथ रखा हुआ था, जिसे बदमाश अपने साथ ले गए।
20 लाख नकद भी ले उड़े चोर
Shivpuri परिजनों के अनुसार, हाल ही में मक्का की फसल बेचकर 15 लाख रुपये घर में रखे गए थे। इसके अलावा करीब 5 लाख रुपये पहले से मौजूद थे। इस तरह बदमाश करीब 20 लाख रुपये नकद भी ले गए।
चंद्रप्रकाश रघुवंशी के तीन बेटे हैं। परिवार कृषि कार्य से जुड़ा है और लगभग 130 बीघा जमीन का मालिक है। परिवार के कुछ सदस्य नौकरी और बच्चों की पढ़ाई के कारण बाहर रहते हैं, जबकि अन्य सदस्य गांव में ही रहते हैं।
दूसरे घर में भी सेंध, जेवर और नकदी चोरी
Shivpuri उसी रात गांव के रामवीर सिंह रघुवंशी के घर को भी निशाना बनाया गया। परिजन शिवकुमार रघुवंशी के मुताबिक, चोर कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 12 तोला सोना, लगभग 500 ग्राम चांदी के आभूषण और कुछ हजार रुपये नकद चुरा ले गए।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। लगातार हुई इस दोहरी चोरी से ग्रामीणों में भय का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की जा रही है।
Also Read This: LHB coach: महामना और इंटरसिटी नए लाल एलएचबी कोच के साथ

