Spread the love

इंडिगो एयरलाइन का संकट लगातार छठे दिन भी जारी रहने के कारण देशभर में हजारों यात्री प्रभावित हो रहे हैं। बड़ी संख्या में फ्लाइट रद्द होने से एयरपोर्ट पर भीड़ बढ़ गई है। इसी स्थिति को देखते हुए भारतीय रेल ने यात्रियों की मदद के लिए विशेष व्यवस्था की है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने रविवार को घोषणा की कि सोमवार को कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, साथ ही कई मौजूदा ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़कर क्षमता बढ़ाई जाएगी। एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिलंजल किशोर शर्मा ने बताया कि विभिन्न ट्रेनों में अलग-अलग श्रेणियों के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जा रहे हैं, ताकि फ्लाइट रद्द होने से फंसे यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।

सोमवार से चलेंगी दो मुख्य स्पेशल ट्रेनें

  1. डिब्रूगढ़ से नई दिल्ली के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएगी।
  2. गुवाहाटी से हावड़ा के लिए दूसरी स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा।

इसके अलावा यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 18 ट्रेनों में कुल 20 अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे।

कामाख्या-कोलकाता के बीच भी स्पेशल ट्रेन
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सोशल मीडिया पर यह भी बताया कि कामाख्या से कोलकाता के बीच एक विशेष ट्रेन चलाई जाएगी, जिससे पूर्वोत्तर क्षेत्र से आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। यात्री अपने नजदीकी रेलवे स्टेशन जाकर या भारतीय रेल के हेल्पलाइन 139 पर कॉल करके इन स्पेशल ट्रेनों और अतिरिक्त कोचों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। दूसरी ओर, रविवार को भी इंडिगो की लगभग 650 फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जबकि कंपनी लगभग 1650 उड़ानों का संचालन कर रही है। रेलवे की ये व्यवस्था प्रभावित यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *