RajgarhRajgarh
Spread the love

By: Yogendra Singh

Rajgarh : मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के जीरापुर उप डाकघर से जुड़े करोड़ों रुपये के घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), भोपाल ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। ईडी ने इस मामले में अशोक कुमार सोनी के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अभियोजन शिकायत दर्ज की है। यह शिकायत विशेष न्यायालय (पीएमएलए), भोपाल में दाखिल की गई है। अदालत ने मामले को संज्ञान में लेने से पहले आरोपी के खिलाफ प्री-कॉग्निजेंस सुनवाई के लिए नोटिस जारी कर दिया है।

Rajgarh 1.23 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला

प्रवर्तन निदेशालय के अनुसार, अशोक कुमार सोनी पर जीरापुर उप डाकघर में पदस्थापना के दौरान 1 करोड़ 23 लाख 31 हजार 180 रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। ईडी की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई), भोपाल द्वारा दर्ज किए गए आपराधिक प्रकरण के आधार पर शुरू की गई थी। सीबीआई ने इस मामले में 15 दिसंबर 2020 को विशेष सीबीआई अदालत में चार्जशीट क्रमांक 16/2020 दाखिल की थी। इसके बाद मामला मनी लॉन्ड्रिंग के दायरे में आने पर ईडी ने जांच अपने हाथ में ली।

Rajgarh सब पोस्ट मास्टर रहते किया पद का दुरुपयोग

ईडी की जांच में सामने आया है कि दिसंबर 2016 से मई 2017 के बीच, जब अशोक कुमार सोनी जीरापुर उप डाकघर में सब पोस्ट मास्टर के पद पर कार्यरत था, तब उसने अपने पद और अधिकारों का गलत इस्तेमाल किया। आरोप है कि उसने संजय पोस्ट सॉफ्टवेयर का दुरुपयोग करते हुए 138 पोस्टल सेविंग बैंक खातों के डेटा में हेरफेर किया। इन खातों में बिना वास्तविक नकद जमा किए फर्जी जमा प्रविष्टियां दर्ज की गईं, जिससे खातों का बैलेंस कृत्रिम रूप से बढ़ा दिया गया।

खातों के माइग्रेशन के बाद निकाली गई रकम

जांच एजेंसी के मुताबिक, फर्जी तरीके से बढ़ाए गए इन खातों को बाद में संजय पोस्ट सिस्टम से फाइनेंशियल सिस्टम में माइग्रेट कराया गया। इसके बाद आरोपी ने इन्हीं खातों से कुल 1 करोड़ 23 लाख 31 हजार 180 रुपये की अवैध निकासी कर ली। हालांकि, मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी ने नवंबर और दिसंबर 2017 के दौरान 1 करोड़ 24 लाख 44 हजार 800 रुपये नकद के रूप में वापस जमा किए थे।

फिलहाल इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय की कानूनी कार्रवाई जारी है। अदालत में सुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी जांच एजेंसियों की नजर बनी हुई है।

Also Read This: Artificial intelligence: एआई की नई पहल से शेयर बाजारों में उथल-पुथल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *