Raisen: रायसेन जिले में बम्हौरी ढाबे के पास मंगलवार देर रात एक गंभीर दुर्घटना होते-होते बच गई। इंदौर से रीवा जा रही जय भवानी ट्रेवल्स की एक यात्री बस के टायर फट जाने से अचानक आग लग गई, जिससे बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। एक ट्रक चालक की सतर्कता और ढाबा स्टाफ की मदद ने बड़ी दुर्घटना टाल दी।
Raisen: टायर फटने से शुरू हुई आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चलते समय बस का एक टायर फट गया, जिससे आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सड़क पर गिरे डीजल के कारण आसपास के हिस्से भी चपेट में आ गए। स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी।
Raisen: यात्रियों में मची अफरा-तफरी
बस में करीब 50 यात्री सवार थे। आग फैलते ही यात्रियों में घबराहट के कारण अफरातफरी मच गई। कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों और दरवाजे से बाहर कूद पड़े। चारों ओर धुआं और आग का माहौल बन गया।
ट्रक चालक की बहादुरी से बची जानें
बस के पीछे चल रहे एक ट्रक चालक ने बस में लगी आग को आग को समय रहते देख लिया। उसने बस चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन जब बस नहीं रुकी तो बस का पीछा करते हुए ट्रक आगे लगाकर बस को जबरन रुकवाया गया। ट्रक चालक की तत्परता, सूझबूझ और साहस ने यात्रियों की जान बचा ली।
ढाबा स्टाफ ने निभाई अहम भूमिका
घटना के दौरान पास ही में स्थित ढाबा संचालक बंटी खालसा अपने सभी कर्मचारियों के साथ तुरंत मदद के लिए आगे आये। उन्होंने बस स्टाफ के साथ मिलकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी यात्री गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
ये भी पढ़े: भोपाल मेट्रो की शुरुआत: शहरवासियों के लिए नई उम्मीद की किरण

