
मध्य प्रदेश: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक सुरेन्द्र नाथ सिंह (मम्मा) का निधन 62 वर्ष की आयु में मंगलवार सुबह चार बजे हो गया है। हाल ही में उनकी हार्ट सर्जरी हुई थी, परन्तु उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ और एक लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया है। सुरेंद्र नाथ सिंह राजधानी भोपाल की मध्य विधानसभा सीट से विधायक भी रहे हैं और भोपाल से भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके थे, उनके निधन से बीजेपी में शोक की लहर है।
हाल ही में हुई थी हार्ट सर्जरी
भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र नाथ सिंह (मम्मा) की हाल ही में हार्ट सर्जरी भी हुई थी. वे लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्होंने भोपाल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर रहते हुए भोपाल के विकास व जनकल्याण के लिए कई कार्य किए। सुरेंद्रनाथ सिंह भाजपा की सक्रिय राजनीति से काफी समय से दूर थे, इसके बावजूद पार्टी में उनकी एक अलग ही छबी थी।
‘मामा’ के बेहद करीबी थे ‘मम्मा’
भोपाल में ‘मम्मा’ के नाम से मशहूर रहे सुरेंद्रनाथ सिंह ‘मामा’ शिवराज सिंह के काफी करीबी माने जाते थे. उनके निधन पर शिवराज सिंह ने शोक व्यक्त किया है, उनके निधन पर पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। सुरेंद्रनाथ सिंह लंबे समय से भाजपा और आरएसएस के लिए काम कर रहे थे. उनकी गिनती भाजपा के कट्टर नेताओं में की जाती थी।