By: Yogendra Singh
Motihari : पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। घोड़ासहन-ढाका मुख्य मार्ग पर महादेवा मसान चौक के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा देर रात हुआ और आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े।

बताया जा रहा है कि मृतक तीनों राजेपुर थाना क्षेत्र के निवासी थे और एक ही परिवार से संबंध रखते थे। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Motihari घटना की सूचना मिलते ही घोड़ासहन थाना पुलिस और सिकरहना एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे शवों को बाहर निकाला और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन की रफ्तार काफी अधिक थी, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। हालांकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
चालक फरार, नशे की आशंका पर जांच
Motihari हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि चालक शराब के नशे में हो सकता है, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। डीएसपी उदय शंकर ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवार और गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।
Also Read This: Nawada: ग्रामीण चिकित्सक हत्याकांड, पैसों के लालच में रची गई साजिश

