By: Ishu Kumar
Mathura : जिले के थाना गोवर्धन क्षेत्र के पेंठा गांव में मंगलवार रात एक ऐसी घटना हुई जिसने सबको चौंका दिया। यहाँ एक ही मंडप में दो सगी बहनों की शादी होना तय थी, लेकिन बड़े दूल्हे के अचानक फरार हो जाने से शादी अधूरी रह गई। इस घटना ने बड़ी बहन की शादी को रोक दिया और छोटी बहन का विवाह भी अनिश्चितकाल के लिए लटक गया। पुलिस अब फरार दूल्हे की तलाश में जुटी है।

दूल्हा बना रहस्यमय, मंडप से फरार
Mathura पेंठा गांव निवासी पप्पू बघेल की दो बेटियों, करिश्मा और पिंकी का विवाह राजस्थान (डीग) के सतवास गांव के दो भाइयों, विकास और चेतन के साथ तय हुआ था। मंगलवार रात जब शादी की रस्में चल रही थीं, तभी बड़ा भाई विकास लघुशंका का बहाना बनाकर मंडप से बाहर निकला और काफी देर तक लौटकर नहीं आया। परिजन उसकी तलाश में जुटे, लेकिन पता चला कि वह गांव से फरार हो चुका है। दूल्हे के भागने की खबर मिलते ही शादी का माहौल खुशी से भय और हड़बड़ी में बदल गया।
पंचायत में हुआ समझौता: 13.50 लाख रुपये का हर्जाना
Mathura घटना के बाद दोनों परिवारों में तनाव बढ़ गया और गांव की प्रबुद्ध पंचायत बुलाई गई। लड़की पक्ष ने लड़का पक्ष पर वादाखिलाफी और धोखाधड़ी का आरोप लगाया। पंचायत में हुए समझौते के अनुसार, लड़का पक्ष ने शादी में दिए गए जेवरात (सोने-चांदी की चेन, अंगूठियां आदि) लौटाने और हर्जाने के तौर पर 13.50 लाख रुपये देने पर सहमति जताई।
फरार दूल्हे पर गंभीर आरोप, पुलिस जांच
Mathura लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि विकास गांव की ही एक अन्य युवती के साथ फरार हुआ है। सूचना मिलने पर गोवर्धन पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे के परिवार के 6-7 सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर फरार दूल्हे की लोकेशन ट्रेस करना शुरू कर दिया है।
इस घटना ने न केवल दोनों परिवारों की खुशियों को अधूरा किया, बल्कि पूरे गांव में चर्चा का विषय भी बन गई है।
Also Read This: Haridwar: महाशिवरात्रि पर विशेष रूट प्लान, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

