
महाराजगंज: उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में मोहनापुर ढाला के पास सोनौली-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बन रहा एक पुल सोमवार रात अचानक गिर गया। इस हादसे में छह से सात मजदूर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
स्थानीय पुरंदरपुर थाने के प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि राजमार्ग पर निर्माण कार्य चल रहा था, तभी निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिसके नीचे कई मजदूर दब गए।
रिपोर्टों के अनुसार, इस पुल के गिरने से श्रमिक योगेश (25 वर्ष, पुत्र पूरन सिंह), योगेश (24 वर्ष, पुत्र मंगल सिंह), प्रेमपाल (27 वर्ष, पुत्र भगवान सिंह), अनिल (29 वर्ष, पुत्र रविन्द्र सिंह), टिंकू सिंह (31 वर्ष, पुत्र भोला सिंह) गंभीर रूप से घायल हो गए। इनके अलावा लोनी और सुरेन्द्र भी घायल हुए हैं। सभी घायल मजदूरों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी फरेंदा में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुरंदरपुर थाने के प्रभारी और फायर ब्रिगेड के अधिकारी वीरसेन सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। रात में ही पुल के मलबे को हटाने का काम शुरू कर दिया गया।
मोहनापुर उत्तरी बाईपास पर बन रहे दूसरे निर्माणाधीन फ्लाईओवर का स्लैब अचानक गिरने के बाद इसके निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शुक्र है कि यह हादसा रात में हुआ, अगर यह सुबह या दिन में होता तो राहगीर भी इसकी चपेट में आ सकते थे।