By: Ravindra Sikarwar
भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस ने नशे के सौदागरों और अपराधियों पर सबसे बड़ा और सबसे आधुनिक वार किया है। राज्यव्यापी विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ईगल क्लॉ’ के तहत पिछले मात्र तीन दिनों में पुलिस ने 1 करोड़ 75 लाख रुपये से ज्यादा कीमत का गांजा, डोडाचूरा, नशीले इंजेक्शन, अवैध शराब और नकली नोट जब्त किए हैं। सबसे खास बात यह रहा कि कई क्षेत्रों में ड्रोन की मदद से छिपी हुई गांजा खेती का पता लगाया गया, जिससे पुलिस को अभूतपूर्व सफलता मिली।
खरगोन जिले के महेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। यहां अवैध रूप से उगाए जा रहे 278 गांजे के पौधों को नष्ट किया गया। इन पौधों से लगभग 197 किलोग्राम गांजा प्राप्त होता, जिसकी बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने खेत मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं नीमच जिला इस अभियान का सबसे बड़ा केंद्र बना। यहां कुकड़ेश्वर, रामपुरा और मनासा थाना पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से जंगलों और दूरदराज के खेतों में छिपाकर की जा रही गांजा की खेती का खुलासा किया। ड्रोन से मिली तस्वीरों के आधार पर की गई कार्रवाई में 15,000 से अधिक हरे गांजे के पौधे बरामद हुए, जिनका कुल वजन 3.25 क्विंटल था। इसकी कीमत लगभग 9 लाख 88 हजार रुपये बताई जा रही है। इसी जिले के रतनगढ़ थाने की टीम ने एक अन्य मामले में 714 किलोग्राम डोडाचूरा (पोस्ते का भूसा) जब्त किया, जिसकी कीमत 1 करोड़ 7 लाख रुपये से अधिक है। यह अब तक की सबसे बड़ी डोडाचूरा बरामदगी में से एक है।
नरसिंहपुर जिले के साईंखेड़ा थाने की पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा, जिसके पास से 11 किलो 138 ग्राम गांजा मिला। कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये। इसी कार्रवाई में दो अन्य आरोपियों से नशीले इंजेक्शन क्लोरफेनिरामाइन मैलीएट और फेनिरामाइन मैलीएट की 60 शीशियां, दर्जनों सिरिंज और नीडल भी बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि ये इंजेक्शन युवाओं में नशे की नई लत फैला रहे थे।
गुना जिले के धरनावदा थाने ने एक ट्रक को रोककर उसमें छिपाकर ले जाई जा रही 301 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी। शराब की कुल कीमत 49 लाख रुपये बताई जा रही है। ट्रक चालक और मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अभियान का एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया जब उज्जैन और नीमच पुलिस ने नकली नोटों के रैकेट का भंडाफोड़ किया। उज्जैन की चिमनगंज मंडी और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को 17 लाख 50 हजार रुपये के जाली 500 रुपये के नोटों के साथ रंगे हाथों पकड़ा। वहीं नीमच सिटी पुलिस ने अलग मामले में 50 हजार रुपये के नकली नोटों सहित एक अन्य आरोपी को दबोचा। कुल मिलाकर 18 लाख रुपये के नकली नोट जब्त हुए हैं।
इतना ही नहीं, पुलिस ने आम जनता के लिए भी बड़ी राहत देने वाला काम किया। राज्य भर में गुम हुए मोबाइल फोन ट्रेस करने के विशेष अभियान में सीईआईआर पोर्टल की मदद से 944 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 2 करोड़ 13 लाख 82 हजार रुपये है। इन फोन्स को उनके असली मालिकों को लौटा दिया गया। सबसे ज्यादा 736 फोन ग्वालियर पुलिस ने ढूंढकर लौटाई, जबकि सतना में 102, अलीराजपुर में 69 और मऊगंज में 37 फोन बरामद हुए।
मध्यप्रदेश के डीजीपी ने इस अभियान को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन ईगल क्लॉ’ आगे भी जारी रहेगा। ड्रोन, तकनीक और खुफिया जानकारी के संयोजन से अब अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचेगा।
तीन दिन, दर्जनों टीमें, सैकड़ों किलोमीटर का क्षेत्र और 1.75 करोड़ से ज्यादा की जब्ती – यह है नए मध्यप्रदेश पुलिस की ताकत!
