Jamtara Jamtara 
Spread the love

By: Yogendra Singh

Jamtara : जिले के नाला डिग्री कॉलेज में अध्ययनरत यूजी सेमेस्टर–2 के छात्रों में परीक्षा केंद्र को लेकर भारी असंतोष देखा जा रहा है। वर्षों से नाला डिग्री कॉलेज में ही होने वाली परीक्षाओं का केंद्र इस बार फतेहपुर डिग्री कॉलेज कर दिया गया है। इस निर्णय से छात्र न केवल हैरान हैं, बल्कि खुद को ठगा हुआ भी महसूस कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के परीक्षा केंद्र बदले जाने से वे गंभीर मानसिक और आर्थिक दबाव में आ गए हैं।

Jamtara  एडमिट कार्ड के समय मिली जानकारी, छात्रों को झटका

परीक्षार्थियों ने बताया कि परीक्षा 9 फरवरी से शुरू होनी है और जब वे एडमिट कार्ड लेने पहुंचे, तभी उन्हें परीक्षा केंद्र बदले जाने की जानकारी दी गई। अचानक आए इस फैसले से छात्र अपनी यात्रा और ठहरने की व्यवस्था को लेकर चिंतित हो गए हैं। इस सेमेस्टर में कुल 561 छात्र परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों की है।

Jamtara  परिवहन सुविधा नहीं, छात्राओं को अधिक परेशानी

नाला और फतेहपुर के बीच की दूरी लगभग 70 किलोमीटर बताई जा रही है। दोनों क्षेत्रों के बीच कोई सीधी सार्वजनिक परिवहन सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। छात्रों का कहना है कि रोजाना इतनी लंबी दूरी तय करना न केवल महंगा है, बल्कि असुरक्षित भी हो सकता है। विशेषकर छात्राओं के लिए यह स्थिति और अधिक कठिन है, क्योंकि उन्हें आने-जाने और ठहरने दोनों में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

केंद्र बदलने के कारणों पर उठे सवाल

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब अन्य कॉलेजों के परीक्षा केंद्र यथावत रखे गए हैं, तो सिर्फ नाला डिग्री कॉलेज का ही केंद्र क्यों बदला गया। उनका मानना है कि यह निर्णय बिना जमीनी हकीकत को समझे लिया गया है।

प्राचार्य ने भी छात्रों का किया समर्थन

नाला डिग्री कॉलेज के प्राचार्य गुनमय दास ने छात्रों की मांग को जायज ठहराया है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से अपील की है कि छात्रों की समस्याओं को देखते हुए परीक्षा केंद्र को पुनः नाला डिग्री कॉलेज में ही रखा जाए। छात्रों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी परेशानियों को समझते हुए जल्द कोई सकारात्मक निर्णय लेगा।

Also Read This: Lakhisarai: छोटी दुर्गा मंदिर में श्रद्धा और उल्लास से मना 12वां वार्षिक उत्सव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *