Hazaribagh DrugBust:
- नशा तस्करों पर पुलिस का करारा प्रहार
- दो अलग-अलग छापेमारी में बड़ी बरामदगी
- कई आरोपी गिरफ्तार
हजारीबाग जिले में नशे और अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई दो अहम कार्रवाइयों के दौरान पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, वहीं विदेशी शराब की बड़ी खेप को भी जब्त किया गया है। इन कार्रवाइयों से नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
Hazaribagh DrugBust: ब्राउन शुगर तस्करी का बड़ा नेटवर्क उजागर
पहली कार्रवाई कोर्रा थाना क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने 166.5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ सात तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 3 लाख 51 हजार 700 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि नगवां हवाई अड्डा के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान नगवां हवाई अड्डा और काठी नेशन होटल के पीछे स्थित एक जर्जर मकान के पास से सात युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे चतरा जिले से ब्राउन शुगर लाकर हजारीबाग के विभिन्न इलाकों में इसकी सप्लाई करते थे। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Hazaribagh DrugBust: विदेशी शराब तस्करी की कोशिश नाकाम
दूसरी कार्रवाई टाटीझरीया थाना क्षेत्र के बौधा जंगल में की गई, जहां पुलिस ने लगभग 60 पेटी विदेशी शराब बरामद की। इस दौरान एक पिकअप चालक को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि बिना नंबर की गाड़ी से अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। छापेमारी के दौरान चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने शराब को झारखंड से बिहार ले जाने की बात कबूली।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे और तस्करी के कारोबार को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाल के दिनों में अफीम, गांजा और शराब की बड़ी खेप जब्त करने के साथ-साथ अवैध अफीम की खेती को भी नष्ट किया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जाएगा।
Also Read This: Giridih Suicide: छात्रा ने फांसी लगाने से पहले परिवार को भेजा संदेश

