मतदान केंद्र के बाहर विवाद ने लिया उग्र रूप
By: Ishu Kumar
Giridih : नगर निगम चुनाव के मतदान के बाद वार्ड संख्या 18 में हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार 23 फरवरी की शाम लगभग 5:30 बजे उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, आजाद नगर अनुसूचित टोला स्थित मतदान केंद्र के समीप दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों ओर से मारपीट तथा पत्थरबाजी होने लगी।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भीड़ को नियंत्रित किया और हालात को काबू में लिया। इसी दौरान अफरा-तफरी के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली चलाने की भी सूचना मिली, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज, SIT का गठन
Giridih घटना की गंभीरता को देखते हुए पचंबा थाना में प्राप्त आवेदन के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। घायल मोहम्मद शमीम और मो. शेरू के संबंध में रबिना खातून के बयान पर अलग-अलग कांड अंकित किए गए हैं।
चुनाव के बाद हुई इस हिंसक घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच के लिए विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में चार अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया गया। टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की।
हथियार बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
Giridih पुलिस की कार्रवाई के दौरान पाँच लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम कुमार श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद, अमित विश्वकर्मा, आकाश हांडी, मंजीत पासवान और किशोर पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर 7.65 एमएम का देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है। बरामद हथियारों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने।
इस संबंध में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने स्पष्ट किया कि चुनावी हिंसा को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
Also Read This: Bokaro: पूर्व पार्षद की पिटाई पर बवाल, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

