
मैनपुरी/मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश पुलिस को मैनपुरी में एक बड़ी सफलता मिली है, जहां एक संयुक्त ऑपरेशन में हाथरस में हत्या के मामले में वांछित और एक लाख रुपये का इनाम घोषित बदमाश जितेंद्र उर्फ जीतू मारा गया। वहीं, मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश घायल हो गए, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
मैनपुरी जिले के थाना एलाऊ क्षेत्र के तारापुर कट पुलिया पर मैनपुरी पुलिस और एसटीएफ आगरा यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में यह मुठभेड़ हुई। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में जितेंद्र उर्फ जीतू, जो हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के पहाड़पुर का रहने वाला था, मारा गया। पुलिस ने उसके पास से एक अवैध .32 बोर की पिस्टल, कई जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में जीतू को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, जितेंद्र लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती और अवैध हथियार इस्तेमाल करने जैसे 13 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।
जीतू पर दर्ज थे ये संगीन मामले:
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जितेंद्र उर्फ जीतू पर निम्नलिखित आपराधिक मामले दर्ज थे:
- क्राइम नंबर 329/2005, धारा 302/120बी आईपीसी, थाना हाथरस जंक्शन
- क्राइम नंबर 543/2007, धारा 307/506 आईपीसी, थाना हाथरस जंक्शन
- क्राइम नंबर 168/2009, थाना हसायन, जनपद हाथरस
- क्राइम नंबर 75/2003, थाना हाथरस जंक्शन
- क्राइम नंबर 293/2008, थाना हाथरस जंक्शन
- क्राइम नंबर 40/2009, धारा 392/411 आईपीसी, थाना हाथरस जंक्शन
- क्राइम नंबर 168/2006, धारा 459/460 आईपीसी, थाना हाथरस जंक्शन
- क्राइम नंबर 275/2008, धारा 323/452/506 आईपीसी, थाना हाथरस जंक्शन
- क्राइम नंबर 292/2008, धारा 307 आईपीसी, थाना हाथरस जंक्शन
- क्राइम नंबर 96/2022, धारा 302/388 आईपीसी, थाना हाथरस जंक्शन
- क्राइम नंबर 239/2024, धारा 147/148/149/302/34/120बी/506 आईपीसी, थाना हाथरस जंक्शन
- क्राइम नंबर 293/2022, धारा 3/25 आयुध अधिनियम, थाना हाथरस जंक्शन
- क्राइम नंबर 316/2024, धारा 209 बीएनएस, थाना हाथरस जंक्शन
मुजफ्फरनगर में दो बदमाश गिरफ्तार:
उधर, मुजफ्फरनगर जिले की पुलिस ने भी एक मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को धर दबोचा है। एक पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि मुठभेड़ में गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल और विशेष के तौर पर हुई है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात को वाहनों की चेकिंग के दौरान जब इन दोनों को रोका गया, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली विशाल और विशेष के पैरों में लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।