Crime newsCrime news
Spread the love
  1. पनागर क्षेत्र में फैली सनसनी
  2. हत्या की आशंका गहराई

Crime news: जबलपुर जिले के पनागर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब नहर के किनारे एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलने के बाद पनागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

Crime news: बाजार जाने की बात कहकर निकली थी महिला

मृतका की पहचान सुलोचना बाई के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कुंडम की रहने वाली थी और वर्तमान में पनागर क्षेत्र के एक पोल्ट्री फार्म में रहकर काम करती थी। परिजनों के अनुसार, सुलोचना बाई शनिवार को बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद से वह घर नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन चिंतित हो गए। अब उसका शव नहर किनारे मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

Crime news: गले पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका

पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। इसी आधार पर पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मान रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।

पुलिस जांच में जुटी, हर पहलू खंगाला जा रहा

पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि घटनास्थल की स्थिति और शरीर पर मिले निशानों से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला आखिरी बार किसके साथ देखी गई थी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है।

ये भी पढ़े: Bhopal news: शूरवीरों का गौरवशाली इतिहास नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला अनोखा देशभक्ति कैलेंडर