Spread the love

BY: Yoganand Shrivastva

दिल्ली: यूनिवर्सिटी के दो प्रमुख कॉलेजों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार सुबह पूरा परिसर सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों से घिर गया। यह धमकी एक ईमेल के माध्यम से भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता तुरंत हरकत में आ गया। फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं पाई गई है।

किन कॉलेजों को मिली धमकी

दिल्ली पुलिस के अनुसार, धमकी भरे ईमेल उत्तर दिल्ली के रामजस कॉलेज और दक्षिण दिल्ली के देशबंधु कॉलेज को भेजे गए। उत्तर जिले के डीसीपी राजा बंथिया ने बताया कि रामजस कॉलेज की प्रिंसिपल को रात 1:59 बजे एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता कैंपस पहुंचा और सभी इमारतों के साथ खुले क्षेत्रों की गहन तलाशी शुरू की।डीसीपी ने बताया कि अब तक जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सतर्कता के लिए पूरे परिसर को घेराबंदी में रखा गया है।

पहले भी हो चुकी हैं फर्जी धमकियाँ

राष्ट्रीय राजधानी में इससे पहले भी कई बार इसी तरह की धमकियाँ मिल चुकी हैं—कभी एयरपोर्ट, कभी स्कूल और कभी अन्य संस्थानों को। ज्यादातर मामलों में जांच के बाद ये धमकियाँ फर्जी साबित हुई हैं।लाल किले के पास हाल ही में कार में हुए धमाके की घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियाँ पहले से ही हाई अलर्ट पर हैं।