भोपाल के पिपलानी क्षेत्र में आठवीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र अंश साहू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन ब्लू व्हेल गेम की लत सामने आई है। घटना के समय वह घर में अकेला था। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है पूरे मामले में।
रिश्तेदार के घर तेरहवीं में गए थे मम्मी-पापा
घटना के समय उसके माता-पिता एक रिश्तेदार के यहां तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। जब वे घर लौटे, तो अपने बेटे को फंदे पर लटका देखा। सूचना पर पिपलानी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में परिजन ने बताया कि अंश पिछले कुछ समय से मोबाइल पर ब्लू व्हेल गेम खेलने का आदी हो चुका था।
साइबर सेल की मदद से खंगाल रहे मोबाइल
परिजन ने आशंका जताई है कि गेम में मिले किसी टास्क को पूरा करने के दबाव में अंश ने यह आत्मघाती कदम उठाया। छात्र के कमरे से पुलिस ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसे साइबर सेल की मदद से खंगाला जा रहा है। अंश परिवार का इकलौता बेटा था।
फॉरेंसिक जांच बाद सुसाइड कारण की होगी पुष्टि
पिपलानी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल की फॉरेंसिक जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो पाएगी।
