AI Impact Summit : राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र का एक भव्य और अंतरराष्ट्रीय आयोजन आज से शुरू हो रहा है। ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का उद्घाटन शाम 5 बजे नरेंद्र मोदी द्वारा भारत मंडपम में किया जाएगा। यह आयोजन 16 से 20 फरवरी तक चलेगा और ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के साथ आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य एआई तकनीक के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग, नवाचार और व्यावहारिक उपयोग को बढ़ावा देना है।

नीति, तकनीक और नवाचार का संगम
AI Impact Summit प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह मंच नीति-निर्माताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को एक साथ लाने का प्रयास है। यहां एआई आधारित समाधानों के लाइव डेमो, नवाचारों की प्रदर्शनी और आम नागरिकों के जीवन में तकनीक के उपयोग पर विशेष फोकस रहेगा। आयोजन में 500 से अधिक सत्र होंगे, जिनमें 3,000 से ज्यादा विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि और नीति-निर्माता भाग लेंगे। इन चर्चाओं का केंद्र एआई के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक प्रभाव पर रहेगा।
वैश्विक भागीदारी और व्यापक प्रदर्शनी
AI Impact Summit एक्सपो में 7 देशों के राष्ट्रपति, 2 उपराष्ट्रपति और 9 प्रधानमंत्रियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। दुनिया की प्रमुख टेक कंपनियों के सीईओ और लगभग दो लाख अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि इसमें हिस्सा लेंगे।
करीब 70,000 वर्गमीटर क्षेत्र में फैले 10 एरेना में यह आयोजन होगा। 13 देशों—ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और कई अफ्रीिकी देशों—के पवेलियन अंतरराष्ट्रीय सहयोग को दर्शाएंगे। 600 से अधिक स्टार्टअप और 300 प्रदर्शनी मंडप ‘लोग, ग्रह और प्रगति’ विषय पर केंद्रित रहेंगे।
कड़ी सुरक्षा और जनता के लिए खुला प्रवेश
AI Impact Summit आयोजन को लेकर राजधानी में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। हजारों पुलिसकर्मी तैनात हैं और एंटी-ड्रोन सिस्टम सहित उन्नत निगरानी तंत्र सक्रिय हैं। 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से पूरे परिसर पर नजर रखी जा रही है।
उद्घाटन दिवस पर प्रदर्शनी क्षेत्र आम लोगों के लिए बंद रहेगा, जबकि 17 फरवरी से इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि यह एक्सपो वैश्विक एआई पारिस्थितिकी तंत्र में नई साझेदारियों और निवेश के अवसरों को बढ़ावा देगा।
Also Read This: Ambikapur: 20 लाख की लूट का पर्दाफाश, पुलिस टीम का सम्मान

