रिपोर्टर:-रंजन कुमार
Sheikhpura : शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर शेखपुरा जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए पुलिस अधीक्षक और जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। प्रमुख पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाया गया है।

प्रमुख स्थलों पर ड्रॉप गेट और बैरिकेटिंग की व्यवस्था
Sheikhpura यातायात को नियंत्रित रखने और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेटिंग और ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। ट्रैफिक थानाध्यक्ष सदाशिव कुमार साहा के अनुसार, शेखपुरा, बरबीघा और अन्य थाना क्षेत्रों के तहत जखराज स्थान, गिरिंडा, तीनमुहानी, दल्लू मोड़, कसुम्भा और अरियरी की ओर जाने वाले मुख्य मार्गों पर विशेष चेकिंग प्वाइंट्स और बैरिकेटिंग स्थापित किए गए हैं, ताकि भीड़ को व्यवस्थित किया जा सके।
यात्रियों के लिए रूट डायवर्जन और वैकल्पिक मार्ग
Sheikhpura दुर्गा पूजा के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पटना, जमुई और लखीसराय की ओर जाने वाले यात्रियों और वाहनों के लिए विशेष रूट चार्ट जारी किया गया है। वैकल्पिक मार्गों की जानकारी मीडिया के माध्यम से भी साझा कर दी गई है, जिससे आम लोगों को सफर के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।
मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती, शांतिपूर्ण अपील
Sheikhpura संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ट्रैफिक डीएसपी ऋषभ कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार निगरानी रख रही है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मां दुर्गा की आराधना करें तथा पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
ये भी पढ़े: सरगुजा में दहलाने वाली घटना: शराबी पति ने दशहरे की रात पीट-पीटकर की पत्नी की निर्मम हत्या

