रिपोर्टर: सुरेश निखार
Bhojpur : बिहार के भोजपुर जिले से एक दुखद दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहाँ सोन नदी में नहाने के दौरान डूबने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन नाबालिग बच्चे और एक युवक शामिल है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बच्चों को बचाने के प्रयास में युवक भी गहरे पानी में समा गया। इस घटना के बाद से तीर्थकौल गांव और आसपास के इलाकों में कोहराम मच गया है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
Bhojpur जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह भोजपुर (आरा) जिले के संदेश थाना क्षेत्र अंतर्गत तीर्थकौल गांव स्थित बारवा बालू घाट पर हुई। बताया जा रहा है कि 15 वर्षीय आकाश कुमार, 10 वर्षीय प्रेम कुमार और 16 वर्षीय सिद्धांत कुमार सोन नदी में स्नान करने के लिए गए थे। नहाते समय तीनों बच्चे गलती से नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख पास में मौजूद 25 वर्षीय सुधीर कुमार ने अदम्य साहस दिखाते हुए उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन दुर्भाग्यवश चारों लोग पानी के तेज बहाव और गहराई में समा गए।
स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ ने बरामद किए शव
Bhojpur घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों, पुलिस प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से काफी मशक्कत के बाद चारों के शवों को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है।
गांव में पसरा मातम और प्रशासनिक कार्रवाई
Bhojpur एक साथ चार लोगों की मौत से तीर्थकौल गांव में शोकाकुल माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। प्रशासन द्वारा इस दुखद घटना के संबंध में आगे की आवश्यक कानूनी और कागजी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़े: मध्य प्रदेश में दशहरे पर बारिश के आसार, 15 जिलों में बदलेगा मौसम; 20 अक्टूबर के बाद बढ़ेगी ठंड

