रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Meerut : सोशल मीडिया पर रील बनाकर ‘भौकाल’ जमाने का क्रेज कुछ रईसजादों को बेहद भारी पड़ गया। उत्तर प्रदेश के मेरठ में गंगा एक्सप्रेसवे पर थार और स्कॉर्पियो जैसी लग्जरी गाड़ियों से खतरनाक स्टंट करने और रास्ता रोकने वाले युवकों का नशा यूपी पुलिस ने चंद घंटों में ही उतार दिया। सोशल मीडिया पर हुड़दंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया। हवालात पहुंचते ही रईसजादों हेकड़ी हवा हो गई और वे पुलिस के सामने कान पकड़कर उठक-बैठक लगाते और माफी मांगते नजर आए। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गईं गाड़ियां भी जब्त (सीज) कर ली हैं।

Meerut टोल बैरियर तोड़ा और बीच सड़क पर गोल-गोल घुमाईं गाड़ियां
मामला मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र का है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्विटर) पर वायरल हुए वीडियो के मुताबिक, इन रईसजादों ने गंगा एक्सप्रेसवे पर न केवल ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि रील्स शूट करने के लिए बीच सड़क पर गाड़ियों को आड़ा-तिरछा खड़ा करके रास्ता भी रोक दिया। इतना ही नहीं, थार और स्कॉर्पियो से खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए इन युवकों ने टोल बैरियर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। वीडियो सामने आते ही मेरठ पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को ट्रेस करना शुरू किया।
Meerut यूपी पुलिस का करारा तंज- ‘हाईवे पर बवंडर था, अगला स्टॉप थाने के अंदर था’
इस पूरी कार्रवाई को उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक दिलचस्प और कड़े संदेश के साथ साझा किया। पुलिस ने रीलबाजों का स्टंट और उसके बाद थाने में कान पकड़कर माफी मांगने का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “हाईवे पर भौकाल का बवंडर था, और अगला स्टॉप थाने के अंदर था। स्टंटबाजी की आंधी कानून की धाराओं के बीच थम जाती है। सड़कें करतब दिखाने के लिए नहीं, सुरक्षित सफर के लिए चुनें।” पुलिस का यह अंदाज सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
Meerut सीसीटीवी फुटेज से गाड़ियां ट्रेस, खरखौदा थाने में मुकदमा दर्ज
पुलिस प्रशासन ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि यह घटना 28 मई 2026 को खरखौदा कट के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर घटित हुई थी। वीडियो का संज्ञान लेते हुए खरखौदा थाने में कानून की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस की विशेष टीमों ने एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और गाड़ियों के नंबर ट्रेस कर उन्हें तत्काल सीज कर दिया। चालकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

